बसना(जीतयादव)।बसना क्षेत्र के अंतर्गत चनाट में बिजली विभाग के कर्मचारी के साथ मारपीट एवं जातिसूचक गाली-गलौज का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी गनपत सिदार, जो बिजली विभाग में कार्यरत हैं, ने ग्राम चनाट निवासी करण पटेल पिता रमेश पटेल पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पीड़ित गनपत सिदार के अनुसार, आरोपी ने उनके साथ न केवल शारीरिक रूप से मारपीट की, बल्कि सार्वजनिक स्थान पर उन्हें अपमानित करने के उद्देश्य से जातिसूचक शब्दों का प्रयोग भी किया। इस घटना से पीड़ित को मानसिक और सामाजिक रूप से गहरा आघात पहुंचा है।

पीड़ित का आरोप है कि आरोपी के पिता रमेश पटेल, कांग्रेस पार्टी से सरायपाली विधायक के प्रतिनिधि बताए जा रहे हैं, जिसके चलते मामले में राजनीतिक दबाव की स्थिति बनी हुई है। इसी दबाव के कारण पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।घटना के बाद गनपत सिदार ने भंवरपुर चौकी में लिखित आवेदन देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की, लेकिन आरोप है कि अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। पीड़ित का कहना है कि वह लगातार पुलिस प्रशासन के चक्कर काट रहे हैं, फिर भी उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है।
पीड़ित बिजली विभाग कर्मचारी गनपत सिदार ने लगाई न्याय की गुहार
एफआईआर दर्ज न होने से पीड़ित एवं उनका परिवार मानसिक तनाव और भय के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है। गनपत सिदार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द एफआईआर दर्ज की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पीड़ित के आरोप सही हैं, तो यह मामला केवल एक व्यक्ति से जुड़ा नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था, सामाजिक न्याय और प्रशासनिक निष्पक्षता से जुड़ा गंभीर विषय है। अब देखना यह होगा कि पुलिस और प्रशासन इस प्रकरण में क्या रुख अपनाते हैं और पीड़ित को न्याय कब तक मिल पाता है।




