पिथौरा। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिथौरा में शुक्रवार को पदोन्नत हुए प्राचार्यों एवं सेवानिवृत्त शिक्षक के सम्मान और विदाई समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया।
शिक्षक का सम्मान समारोह कार्यक्रम के दौरान अमृत लाल पटेल (प्राचार्य, भिथीडीही), अब्दुल सईद खान (प्राचार्य, चिखली), रेणुका डड़सेना (लिपिक ग्रेड-3) तथा राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित सेवानिवृत्त प्रधान पाठक नरेश कुमार नायक को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि प्राचार्य पद पर पदोन्नति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए दायित्व के साथ ये सभी अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र के बालक-बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और उनके नेतृत्व में विद्यालयों का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ व अनुशासित बनेगा।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने समारोह को यादगार बना दिया। विद्यालय स्टाफ, अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने पदोन्नत व सेवानिवृत्त शिक्षकों को उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मन्नूलाल ठाकुर, संतोष गुप्ता, बी.के. बघेल, एम.के. दास, डी.के. साहू, व्ही.एल. पटेल, विमला नायक सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



