पिथौरा। पिथौरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत जंघोरा में रविवार सुबह बदमाशों द्वारा 5 एकड़ धान की फसल में आग लगाए जाने का मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब 11 बजे की है। अचानक खेतों से उठी तेज लपटें देखकर किसान और ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दूसरा खेत भी चपेट में आ गया।
किसानों ने की आग बुझाने की कोशिश, पर बिजली गुल रही
घटना के दौरान किसानों ने स्प्रेयर मशीन से आग बुझाने की कोशिश की। ट्यूबवेल से पानी डालने का प्रयास भी किया गया, लेकिन तभी बिजली गुल हो जाने के कारण पानी नहीं मिल सका। इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।फायर ब्रिगेड के पहुंचने तक 5 एकड़ से अधिक धान की खड़ी फसल पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
किसानों की मेहनत स्वाहा, कई परिवारों को बड़ा नुकसान
परसापाली के किसान सुकालुराम ध्रुव ने बताया कि उनके खेत में लगभग 100 बीड़ा धान रखा हुआ था, जिसे रविवार को घर ले जाने की तैयारी थी। लेकिन आगजनी ने सारी मेहनत चौपट कर दी।इस घटना में जिन किसानों की फसल जली है, उनके नाम इस प्रकार हैं—
लक्ष्मीबाई ध्रुव, गिरवर, लाल सिंह, नारद ध्रुव, भगतराम ध्रुव, सतीश ध्रुव, जगसिंग ध्रुव और सुकालुराम ध्रुव।किसानों का कहना है कि आगजनी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
राजस्व विभाग की लापरवाही, सर्वे नहीं करने पहुंची टीम
किसान भगतराम ध्रुव और सुकालुराम ध्रुव ने बताया कि आगजनी की सूचना दिए जाने के बाद भी राजस्व विभाग की टीम नुकसान का सर्वे करने मौके पर नहीं पहुंची है।किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर दो लाख रुपए से अधिक के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।



