सांकरा(जीतयादव)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सावित्रीपुर में मारवाड़ी युवा मंच सांकरा द्वारा आयोजित ‘शिक्षा साथी अभियान’ और ‘वृक्षारोपण अभियान’ ने विद्यार्थियों के बीच उत्साह का नया माहौल बना दिया। शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सावित्रीपुर स्कूल में नोटबुक-पेन वितरित कर विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह, सोशल मीडिया जागरूकता और ‘पर्यावरण मित्र’ अभियान का दिया संदेश।
कार्यक्रम को विद्यार्थियों की आयु और शैक्षणिक स्तर के अनुसार तीन चरणों में आयोजित किया गया। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों को पढ़ाई में सहयोग के लिए नोटबुक और पेन वितरित किए गए। वहीं कक्षा 6वीं से 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए सामान्य ज्ञान पर आधारित रोचक क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा 9वीं से 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेष क्विज के साथ विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए उत्साहपूर्वक पौधे लगाए।
मारवाड़ी युवा मंच सांकरा के अध्यक्ष शुभम सिंघल ने सावित्रीपुर स्कूल में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। उन्होंने मंच के ‘#पर्यावरण मित्र’ अभियान की जानकारी देते हुए प्रकृति से जुड़ने की अपील की।
मंच के सचिव सोनू गोयल ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के सकारात्मक और नकारात्मक पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग केवल शिक्षा, ज्ञान और सकारात्मक उद्देश्यों के लिए किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में सावित्रीपुर स्कूल के प्राचार्य प्रसाद सिदार, मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक एस.एल. पटेल सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं मंच की ओर से उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल, सह सचिव दिनेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल एवं आशीष अग्रवाल सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।


