पिथौरा(जीतयादव)। विमलपुर-मेमरा मार्ग पर शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां बाइक और ट्रैक्टर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गोडबहाल से अंसुला जा रहा था परिवार, विमलपुर-मेमरा के पास आमने-सामने की टक्कर में पत्नी-बेटी घायल।
मिली जानकारी के अनुसार गोडबहाल निवासी बोधराम डड़सेना अपनी पत्नी पूनी बाई डड़सेना और बेटी इंदु डड़सेना के साथ बाइक से अंसुला जा रहे थे। इसी दौरान विमलपुर-मेमरा के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोधराम डड़सेना ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में उनकी पत्नी पूनी बाई और बेटी इंदु गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



