महासमुंद। राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 पर ज्ञानी ढाबा के पास बीती रात एक ट्रेलर के केबिन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि ट्रेलर का पूरा केबिन धूं-धूं कर जलने लगा। घटना के समय ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था और चालक ढाबे में खाना खाने गया हुआ था।
ज्ञानी ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ा था नागपुर से कोलकाता जा रहा ट्रेलर, महासमुंद से पहुंची फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर क्रमांक NL 01 AB 0769 नागपुर से कोलकाता की ओर जा रहा था। चालक ने ट्रेलर को ज्ञानी ढाबा के पास सड़क किनारे खड़ा किया और खाना खाने के लिए ढाबे में चला गया। कुछ देर बाद ट्रेलर के केबिन से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं तेज लपटों में बदल गया और केबिन आग की चपेट में आ गया।
आग की सूचना मिलते ही महासमुंद से फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि आग से ट्रेलर के केबिन को काफी नुकसान पहुंचा है।
गनीमत रही कि घटना के समय चालक ट्रेलर के अंदर मौजूद नहीं था। चालक के ढाबे में चले जाने के कारण समय रहते उसकी जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और सड़क पर भी हलचल बढ़ गई। दमकल की टीम ने आग पूरी तरह बुझाने के बाद स्थिति को सामान्य कराया।


