महासमुंद। तुमगांव पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की दो मोटरसाइकिल पकड़ीं। दोनों वाहनों में सवार पांच युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस के अनुसार मोटरसाइकिलों के चोरी होने का खुलासा हुआ। मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की दोनों बाइक जब्त की हैं।
तुमगांव पुलिस ने करीब 50 हजार की दो मोटरसाइकिलें की बरामद, एक बाइक पहले दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी मिली।
पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे अमावश तिराहा के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पांच युवक दो बिना नंबर की मोटरसाइकिल—हीरो पैशन प्रो और हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर—पर सवार होकर जा रहे थे। वाहनों पर आगे-पीछे नंबर नहीं होने पर पुलिस ने कागजात मांगे, लेकिन युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।
पुलिस के अनुसार, कड़ाई से पूछताछ करने पर युवकों ने हीरो पैशन प्रो को महाशिवरात्रि मेले के दौरान ग्राम खड़मा से चोरी करना और हीरो होंडा सुपर स्प्लेंडर को ग्राम अछोली स्थित पीकाडली प्लांट की पार्किंग से चोरी करना बताया।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि सुपर स्प्लेंडर बाइक की चोरी की रिपोर्ट पहले ही पीला दाउ साहू निवासी भोरिंग द्वारा तुमगांव थाने में दर्ज कराई गई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 163/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज है।
पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त करते हुए थानू पटेल, संजय कुमार क्षेत्रपाल, कमलेश पटेल, सागर कुमार क्षेत्रपाल और रवि साहू को 26 सितंबर को गिरफ्तार किया। बरामद दोनों मोटरसाइकिलों की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है।


