बसना। साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस को अंतर्राज्यीय स्तर पर कार्रवाई में सफलता मिली है। बसना पुलिस ने आंध्र प्रदेश के पोलावरम से बी. लक्ष्मणा डोरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्रामीणों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाता था और बाद में इन खातों से जुड़े एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों तक पहुंचाए जाते थे।
कमीशन का लालच देकर ग्रामीणों के खाते खुलवाने का आरोप, बसना पुलिस ने पोलावरम से बी. लक्ष्मणा डोरा को पकड़ा।
मामले की शुरुआत ग्राम मनकी निवासी राजकुमार ताण्डी की शिकायत से हुई। उन्होंने 20 अगस्त 2026 को थाना बसना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार सुनील दुर्गा और थिमोथी छतरिया ने ग्रामीणों को बैंक खाता खुलवाने के बदले ₹1,500 से ₹20,000 तक कमीशन देने का लालच दिया था। खाते खुलने के बाद कंपनी में वेरिफिकेशन कराने के नाम पर ग्रामीणों से बैंक से संबंधित जरूरी दस्तावेज और सिम कार्ड ले लिए गए।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान पहले गिरफ्तार किए गए सुनील दुर्गा, थिमोथी छतरिया और हेमलाल चौहान से पूछताछ में आंध्र प्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा और चंद्राराव का नाम सामने आया। पुलिस का कहना है कि इन लोगों के निर्देश पर बैंक खाते खुलवाकर आगे दिए जाते थे और इनका इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग तथा ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े पैसों के लेन-देन में किया जाता था।
जानकारी के आधार पर बसना पुलिस की टीम ने पश्चिम गोदावरी जिले में दबिश दी। 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस ने घेराबंदी कर पोलावरम से बी. लक्ष्मणा डोरा (30) को गिरफ्तार किया। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए न्यायालय बसना के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। मामले में थाना बसना में अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 3(5) और 317(4) में कार्रवाई की जा रही है।


