बसना(जीतयादव)। मॉडर्न पब्लिक स्कूल बसना में विद्यालय की वार्षिक प्रदर्शनी “स्पैक्ट्रम–2025” का भव्य आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं शैक्षणिक वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, नवाचार क्षमता एवं शैक्षणिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में “बुद्धिमत्ता के साथ चरित्र निर्माण” की भावना को सुदृढ़ करना रहा।

कार्यक्रम में श्री विजय लहरें, जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं श्री बद्री विशाल जोल्हे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) बसना, श्री अनिल सिंह साव, खंड संसाधन केंद्र समन्वयक (BRCC) बसना एवं श्री लोकेश्वर सिंह कंवर, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बसना विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुख्य अतिथि श्री विजय लहरें ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कला, विज्ञान एवं शिल्प आधारित मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की शैक्षणिक प्रदर्शनी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, तार्किक सोच, नवाचार और रचनात्मक अभिव्यक्ति को नई दिशा प्रदान करती है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उनके कौशल विकास में भी सहायक होते हैं।
‘स्पैक्ट्रम–2025’ में दिखी विद्यार्थियों की रचनात्मकता, विज्ञान और कला का अद्भुत संगम
प्रदर्शनी में नर्सरी से कक्षा दसवीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कुल 305 प्रविष्टियाँ प्रदर्शित की गईं, जिनमें 129 कला, 78 शिल्प तथा 98 शैक्षणिक एवं विज्ञान मॉडल शामिल रहे। विद्यार्थियों ने विज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक विषयों एवं रचनात्मक कला से जुड़े विविध विषयों पर आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए, जिन्हें दर्शकों एवं अभिभावकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के निदेशक श्री मनोज कुमार पटेल द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। विद्यालय के प्राचार्य श्री सुमन्त कुमार आचार्य ने स्वागत उद्बोधन में विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के बौद्धिक, नैतिक एवं सृजनात्मक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी होते हैं।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षकगण के सहयोग से संपन्न हुआ। अंत में श्री चिन्मय पाणिग्राही द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं दर्शकों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए विद्यालय परिवार को इस सफल एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए बधाई दी।



