रायगढ़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को नशे के लिए Solution बेचने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में सोल्यूशन, बिक्री रकम और अन्य सामान जब्त किया है।
रामभांठा संजय मैदान में बच्चों को नशे के लिए Solution बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार, 19 नग सुपर मैक्स सोल्यूशन जब्त।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि रामभांठा स्थित संजय मैदान के पास एक युवक छोटे-छोटे बच्चों को Solution बेच रहा है, जिसका उपयोग नशे के रूप में किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर कई नाबालिग लड़के मौके से भाग निकले, जबकि एक युवक को पकड़कर पूछताछ की गई। युवक ने बताया कि उसने “डोकरी” नामक व्यक्ति से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा था। उसके पास से सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 का ट्यूब भी बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार (26 वर्ष), निवासी सुसडेगा, थाना पत्थलगांव, जिला जशपुर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से 19 नग सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04, बिक्री रकम 240 रुपये और अन्य सामान बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह राउरकेला (ओडिशा) से Solution खरीदकर रायगढ़ शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर नाबालिग बच्चों को 50 से 60 रुपये में बेचता था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह करीब 10 दिन पहले राउरकेला से 5 बॉक्स सोल्यूशन खरीदकर लाया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 284/2026 के तहत धारा 123, 275, 286 बीएनएस एवं धारा 77 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।इस कार्रवाई में निरीक्षक सुखनंदन पटेल, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन और कोतवाली थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।



