पिरदा। शासकीय हाई स्कूल भस्करापाली में 5 सितंबर 2026 को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अतिथियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
भस्करापाली हाई स्कूल में डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को किया नमन, विद्यार्थियों ने शिक्षकों के प्रति व्यक्त किया सम्मान और आभार।
इसके पश्चात डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए तथा शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्राचार्य श्री सुबेसिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशेष अतिथि कृष्ण कुमार चौहान (सचिव) कार्यक्रम में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस के महत्व के साथ शिक्षा, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के महत्व के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर भस्करापाली के प्रभारी प्राचार्य श्री पंकज नन्द ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।
संकुल समन्वयक श्री लम्बोदर मलिक ने भी विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का पालन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में श्री बलराम निषाद (व्याख्याता), श्री भीखमचंद बरिहा, श्रीमती गिरजा पारेश्वर एवं श्री रंजीत पारेश्वर सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने और मन लगाकर अध्ययन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस तरह शासकीय हाई स्कूल भस्करापाली में शिक्षक दिवस का आयोजन गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


