सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय आदिवासी कन्या आश्रम डूडुमचुंवाँ में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर शाला विकास प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। प्रधान पाठक कु. अंजनी चौहान और अधीक्षिका नीतू पटेल के निर्देशन में हुई इस बैठक में 15 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर विभिन्न तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डूडुमचुंवाँ में स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण, प्रभात फेरी और मंचीय कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर दिया जोर।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस पर आश्रम परिसर में ध्वजारोहण, प्रभात फेरी और मंचीय कार्यक्रम के आयोजन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही शासन से प्राप्त गणवेश का वितरण सभी बच्चों को किया गया।
शिक्षक सुन्दर लाल डडसेना ने बताया कि बैठक में शाला विकास प्रबंधन समिति के सदस्यों, पालकों और पंचायत प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान बच्चों के बेहतर शैक्षणिक भविष्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी साझा की गई। विशेष रूप से जवाहर नवोदय विद्यालय, एकलव्य आवासीय विद्यालय और जवाहर उत्कर्ष विद्यालय में प्रवेश एवं उपलब्ध अवसरों के संबंध में जानकारी दी गई।
बैठक में लंबे समय से अनुपस्थित रहने वाले बच्चों को दोबारा स्कूल की मुख्यधारा से जोड़ने और विद्यालय में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा बच्चों के जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अपार आईडी से संबंधित आवश्यक जानकारी अभिभावकों को दी गई।
पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण करने तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग की बालिकाओं को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए बैंक खाता खुलवाने के विषय पर भी चर्चा की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों, समिति सदस्यों और पंचायत प्रतिनिधियों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में शाला विकास प्रबंधन समिति के अध्यक्ष इन्द्रमणि साहू, उपाध्यक्ष लक्ष्मी प्रसाद यादव, पंचायत प्रतिनिधि फत्तेलाल साहू, शिक्षाविद् शांति साहू सहित पालक सदस्य लक्ष्मीचरण राठिया, रामप्रसाद बरिहा, गोविंदा मानिकपुरी, राजेश, झनकराम सिदार, कार्तिकराम, देवराज, सुनाउ, सरवन, नित्यानंद, रामसाय, गोपीका, एतवारा और केवराबाई उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रधान पाठक कु. अंजनी चौहान, अधीक्षिका नीतू पटेल, डिंगर दास वैष्णव, सुन्दर लाल डडसेना, पुनम सिदार (पुलिस गार्ड), मीरा जगत (आश्रम रसोइया), पिरोबती सागर (स्वीपर), सुशीला जायसवाल एवं प्रियंका साव सहित अन्य उपस्थित रहे।


