बसना। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत प्रधान पाठक सरविन्द सिदार एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा गांधी जी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
गढ़पटनी में विद्यार्थियों ने भाषण-कविता से गांधी जी के विचारों को किया याद, विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर दिया स्वच्छता का संदेश।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन, सत्य, अहिंसा और उनके विचारों को याद किया। बच्चों ने गांधी जी के जीवन से जुड़े प्रसंगों पर भाषण एवं कविताएं प्रस्तुत कीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गांधी जी के बाल्यकाल, स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान और स्वच्छता के प्रति उनके विचारों की जानकारी दी।
प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी और आत्मनिर्भरता को अपने जीवन का आधार बनाया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का जीवन बच्चों को सत्य के मार्ग पर चलने, अनुशासन अपनाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा देता है।
गांधी जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई भी की और स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान बच्चों ने सत्य एवं अहिंसा के मार्ग पर चलने, विद्यालय व आसपास का वातावरण स्वच्छ रखने तथा सभी के प्रति प्रेम, सहयोग और सम्मान की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में गढ़पटनी के प्रधान पाठक ने कहा कि गांधी जयंती केवल एक दिवस मनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिक्षक श्री लगन नाग, श्रीमती खीरवंती भोई सहित विद्यालय के समस्त विद्यार्थी एवं स्टाफ उपस्थित रहे।


