बसना(जीतयादव)।विकासखंड बसना, जिला महासमुंद अंतर्गत शासकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय लंबर में पदस्थ शिक्षक एवं लीडर ट्रेनर (स्काउट विभाग) गिरीश कुमार पाढ़ी को शिक्षा, स्काउटिंग, खेलकूद, योग-व्यायाम, मानव समाज सेवा तथा वैदिक रीति से आध्यात्मिकता के प्रसार में उत्कृष्ट योगदान के लिए ग्लोबल ह्यूमन पीस यूनिवर्सिटी, चेन्नई द्वारा मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) की उपाधि से सम्मानित किया गया है।
यह भव्य सम्मान समारोह 13 दिसंबर 2025 को राजा अन्नामलाई मंदरम ऑडिटोरियम, चेन्नई में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में के. संपथ कुमार (IAS), मुख्य सचिव एवं विशेष आयुक्त, तमिलनाडु शासन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. पी. मैनुएल ने की।विशिष्ट अतिथियों में प्रो. डॉ. प्रकाश दिवाकरण (उप कुलपति, हिमालयन यूनिवर्सिटी, ईटानगर), प्रो. डॉ. समिम अहमद (नीलम यूनिवर्सिटी, हरियाणा), डॉ. एस.के. शैरिल (श्रीलंका), डॉ. के. सुकुमारा (नेशनल कमिश्नर, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, नई दिल्ली), डॉ. ए.सी. मोहन दास (मानव अधिकार आयोग, तमिलनाडु), डॉ. परम राज (जिला न्यायाधीश, तमिलनाडु) एवं डॉ. टी. शेखर (आईजी, सीआरपीएफ, तमिलनाडु) शामिल रहे।
देश-विदेश के 92 विभूतियों को मिला सम्मान
इस समारोह में भारत के 85 एवं श्रीलंका, सिंगापुर व फ्रांस के 7 प्रतिभागियों को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए मानद डॉक्टरेट प्रदान की गई।स्काउटिंग क्षेत्र में भारत के विभिन्न राज्यों से चयनित 8 सदस्यों को सम्मानित किया गया, जिनमेंबाबूलाल कुमावत (पचमढ़ी), पी. मोहन (केरल), गिरीश कुमार पाढ़ी (छत्तीसगढ़), चेतना एस. पटेल (तमिलनाडु), रूपचंद लखेरा (उत्तराखंड), अनूप अवस्थी (दिल्ली) एवं असीम मलिक (सेंट्रल रेलवे) शामिल रहे।
शिक्षा, खेल और समाज सेवा में विशिष्ट योगदान
गिरीश कुमार पाढ़ी न केवल एक समर्पित शिक्षक हैं, बल्कि कबड्डी के स्टेट अंपायर होने के साथ-साथ खो-खो, हैंडबॉल, फुटबॉल, एथलेटिक्स, शतरंज एवं चाइनीज चेकर के खिलाड़ी भी हैं। उन्हें इससे पूर्वराज्यपाल स्काउटर पुरस्कार, मुख्यमंत्री शिक्षा अलंकरण – ज्ञानदीप पुरस्कार, तथा विभिन्न जिलों से आदर्श शिक्षक एवं शिक्षक रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।वे बीते 30 वर्षों से ग्रामीण स्तर से राष्ट्रीय स्तर तक स्काउटिंग, खेल, योग-व्यायाम, बालिका शिक्षा, नशामुक्ति अभियान एवं आध्यात्मिक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय रहते हुए समाज उत्थान के लिए कार्य कर रहे हैं।
बधाइयों का लगा तांता
इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी विजय कुमार लहरे, जिला स्काउट संघ अध्यक्ष एतराम साहू, बीईओ बद्री विशाल जोल्हे, बीआरसीसी अनिल साव, एबीईओ लोकेश्वर कंवर सहित शिक्षा, स्काउट व खेल जगत से जुड़े अनेक पदाधिकारियों, शिक्षकों, मित्रों, ब्राह्मण समाज एवं क्षेत्रीय खेल प्रेमियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



