बसना(जीतयादव)। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोलिहादेवरी में मंगलवार को कक्षा 9वीं की 29 नवप्रवेशी छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल मिलने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाओं को विद्यालय तक सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है।
कोलिहादेवरी स्कूल में सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत कक्षा 9वीं की छात्राओं को मिला लाभ, नियमित पढ़ाई और बेहतर भविष्य का लिया संकल्प।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य एन.पी. नायक एवं शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष रेखा पारेश्वर ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना, दीप प्रज्ज्वलन और फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्राचार्य एन.पी. नायक ने छात्राओं और उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी छात्राएं नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर अध्ययन करें और अपने परिवार तथा विद्यालय का नाम रोशन करें।
साइकिल प्राप्त करने वाली छात्राओं ने भी नियमित रूप से विद्यालय आने और बेहतर प्रदर्शन कर अच्छे अंकों से सफलता प्राप्त करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत कोलिहादेवरी के सरपंच फगूलाल चौहान, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य गोपाल नायक, परदेशी पटेल, प्रकाश साहू, देवेंद्र प्रधान, संतोषिनी साहू, मालती सिदार, तारा सिदार, सुरेंद्री सिदार, ललिता सिदार सहित बड़ी संख्या में पालक एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सरस्वती साइकिल वितरण प्रभारी घनश्याम मांझी तथा सहायक दिनेश जगत की विशेष भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने इस योजना को बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।


