सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला सपवाडीपा (तिलाईपाली) में विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रोत्साहन के उद्देश्य से पेन, कॉपी एवं पहाड़ा पुस्तिका वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिजातीपाली के सरपंच के ससुर विजय शंकर पटेल, उपसरपंच संतराम पटेल तथा सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामप्रसाद नायक ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की।
सपवाडीपा प्राथमिक शाला में सामाजिक सहयोग से बच्चों का बढ़ा उत्साह, अतिथियों ने शिक्षा और अनुशासन का दिया संदेश।
इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं परिश्रम के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। साथ ही समाज के सभी लोगों से बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने का आह्वान भी किया।
सपवाडीपा विद्यालय परिवार ने अतिथियों के इस प्रेरणादायी सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक सहयोग से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है और वे शिक्षा के प्रति अधिक उत्साहित होते हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीणजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी शिक्षा विभाग के मीडिया प्रभारी दुर्वादल दीप ने दी।


