सरायपाली(जीतयादव)। शिशु मंदिर बलौदा में सत्र 2026-27 के लिए बाल भारती शपथ ग्रहण समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करना रहा। निर्वाचन प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए छात्र-छात्राओं ने विभिन्न पदों की शपथ लेकर विद्यालय एवं विद्यार्थियों के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
शिशु मंदिर बलौदा में सत्र 2026-27 के लिए निर्वाचित छात्र-छात्राओं ने ली शपथ, नेतृत्व और जिम्मेदारी का दिया संदेश।
बाल भारती के चुनाव में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्वाचन के बाद भैया पीयूष को बाल भारती का अध्यक्ष तथा बहन शिवानी को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही सचिव, कोषाध्यक्ष एवं अन्य पदों पर भी विद्यार्थियों का चयन किया गया।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल बलौदा के महामंत्री श्री उपेंद्र साहू उपस्थित रहे। उन्होंने नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय स्तर पर इस प्रकार की लोकतांत्रिक प्रक्रिया विद्यार्थियों में नेतृत्व, निर्णय क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रधानाचार्य श्री लिंगराज बेहेरा ने की। उन्होंने कहा कि बाल भारती जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करती हैं और उन्हें भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री आशीष डडसेना ने किया।
समारोह के अंत में नव-निर्वाचित सभी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की गई। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि नई टीम विद्यालय में अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक वातावरण को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


