महासमुंद(जीतयादव)।जिले में राइस मिलों से धान के अवैध भंडारण, परिवहन एवं स्टॉक में अनियमितताओं के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को जिले में तीन अलग-अलग प्रकरणों में बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में धान एवं चावल जब्त किया गया।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार तथा सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के मार्गदर्शन में तहसीलदार श्रीधर पंडा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा श्री साईं राइस मिल, सरायपाली में भौतिक स्टॉक सत्यापन किया गया। सत्यापन के दौरान मिल में दर्ज स्टॉक के अनुसार गंभीर कमी पाए जाने पर जब्ती की कार्यवाही की गई। इस कार्रवाई में 6,000 बोरा धान एवं 15,470 बोरा चावल जब्त किया गया।

इसी प्रकार बसना में एसडीएम हरिशंकर पैंकरा एवं तहसीलदार कृष्ण कुमार साहू के मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा दो राइस मिलों में कार्यवाही की गई।श्री शिव शंकर राइस मिल, बसना से 287 पैकेट अवैध धान तथा कामद राइस मिल, बसना से 407 पैकेट अवैध धान जब्त किया गया।
राइस मिलों से अवैध धान जब्त, स्टॉक सत्यापन में सामने आई भारी अनियमितता
इस प्रकार कुल तीन प्रकरणों में 6,694 बोरा धान एवं 15,470 बोरा चावल जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री को नियमानुसार सुरक्षित रखा गया है एवं संबंधित राइस मिलों के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था की पारदर्शिता बनाए रखने तथा अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए आगे भी इस तरह की सख्त कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।



