बसना। अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना बसना पुलिस ने ग्राम खुर्सीपहार में दबिश देकर 35 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है।
खुर्सीपहार में मुखबिर की सूचना पर घर में दी दबिश, 7 हजार रुपये की शराब जब्त; आबकारी एक्ट के तहत भेजा गया जेल।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को थाना बसना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुर्सीपहार निवासी सुन्दरलाल निषाद अपने घर में बड़ी मात्रा में हाथ भट्ठी से निर्मित महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है।
सूचना मिलते ही बसना पुलिस की टीम गांव पहुंची और बताए गए मकान की घेराबंदी कर दबिश दी। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया, जिसने अपना नाम सुन्दरलाल निषाद बताया। मकान की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से नीले रंग के 35 लीटर क्षमता वाले प्लास्टिक जरीकन में भरी हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से कुल 35 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 7,000 रुपये आंकी गई है, जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुन्दरलाल निषाद (38 वर्ष), पिता जगदेव निषाद, निवासी ग्राम खुर्सीपहार, थाना बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।


