बसना। किताबी ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ने और विद्यार्थियों को सामाजिक व्यवस्था की जानकारी देने के उद्देश्य से पीएम श्री सेजेस बसना के कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों ने बैंक, साप्ताहिक हाट-बाजार, कृषि मंडी और पुलिस थाने का भ्रमण कर वहां की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
बैंक, हाट-बाजार, कृषि मंडी और बसना पुलिस थाने पहुंचकर समझी सामाजिक एवं आर्थिक व्यवस्था, अधिकारियों से सवाल पूछकर ली महत्वपूर्ण जानकारी।
पर्यावरण अध्ययन विषय के अंतर्गत आयोजित इस भ्रमण में विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्थानों की उपयोगिता और समाज में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। बैंक में बच्चों ने बचत खाता, लेन-देन, ऋण और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं के बारे में जाना। बैंक मैनेजर ने विद्यार्थियों को बचत की आदत विकसित करने और पैसों का सही उपयोग करने की सीख दी।

वहीं साप्ताहिक हाट-बाजार में बच्चों ने वस्तुओं की खरीद-बिक्री, मूल्य निर्धारण, नाप-तौल और ग्रामीण व्यापार व्यवस्था को समझा। कृषि मंडी में किसानों की उपज की आवक, तौल, खरीदी, भंडारण और परिवहन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इससे विद्यार्थियों को किसान से उपभोक्ता तक अनाज पहुंचने की व्यवस्था समझने का अवसर मिला।
भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को केवल जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सवाल पूछने, अपने आसपास की व्यवस्थाओं को समझने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना भी रहा।
कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू के निर्देशन, के.के. पुरोहित के मार्गदर्शन तथा प्राथमिक विभाग के प्रधान पाठक हरिराम साव के सहयोग से किया गया। पर्यावरण अध्ययन विषय के शिक्षक योगेश कुमार बढ़ाई ने विद्यार्थियों का नेतृत्व किया। इस तरह के शैक्षिक भ्रमण से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, समझ और व्यावहारिक ज्ञान का विकास होता है।


