पिथौरा(जीतयादव)।पुलिस विभाग में सेवा दे रहे दो कर्मठ अधिकारियों को पदोन्नति के रूप में एक खास सम्मान मिला। सहायक उप निरीक्षक अश्वनी कुमार पड़वार और नेहरू राम साहू को पदोन्नत कर उप निरीक्षक (Sub Inspector) बनाया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर दो स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कंधे पर दो स्टार लगाकर उप निरीक्षक बनने की दी पदोन्नति की बधाई।
पदोन्नति का यह पल दोनों अधिकारियों और उनके परिवार के लिए गर्व और खुशी का अवसर बन गया। इस दौरान परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे और उन्होंने इस महत्वपूर्ण क्षण को साझा किया। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने कहा कि विभाग में कड़ी मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी से कार्य करने वाले अधिकारियों को समय-समय पर सम्मान और पदोन्नति मिलना प्रेरणादायक होता है।
उन्होंने दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी के साथ और अधिक समर्पण एवं ईमानदारी से कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग में पदोन्नति न केवल एक उपलब्धि होती है, बल्कि यह जिम्मेदारी और कर्तव्य का भी प्रतीक है।
वर्तमान में उप निरीक्षक अश्वनी कुमार पड़वार चौकी प्रभारी बया में पदस्थ हैं, जबकि उप निरीक्षक नेहरू राम साहू थाना भाटापारा शहर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दोनों अधिकारियों ने अपने कार्यकाल के दौरान ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ काम करते हुए विभाग में अपनी अलग पहचान बनाई है।
पदोन्नति के इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और दोनों अधिकारियों को बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि नई जिम्मेदारी के साथ दोनों अधिकारी अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से निर्वहन करेंगे और कानून व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।



