सरायपाली(जीतयादव)। शासकीय उच्च प्राथमिक शाला रिमजी में नए शिक्षा सत्र के अवसर पर प्रवेश उत्सव का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी विद्यार्थियों को विद्यालय से भावनात्मक रूप से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।
रिमजी में ‘सपनों का पेड़’ और संकल्प पत्र जैसी गतिविधियों से नवप्रवेशी विद्यार्थियों का बढ़ाया गया उत्साह।
प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों के लिए कई नवाचारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। सबसे पहले बच्चों के पदचिह्न (फुट प्रिंट) लिए गए, जिनके नीचे उन्होंने अपने हस्ताक्षर किए। इसके बाद “सपनों का पेड़” गतिविधि के माध्यम से बच्चों ने अपने भविष्य के सपनों और लक्ष्यों को पत्तियों पर लिखकर पेड़ पर लगाया। यह गतिविधि बच्चों की आकांक्षाओं और आत्मविश्वास का प्रतीक बनी।
कार्यक्रम में शैक्षणिक उत्कृष्टता को भी सम्मानित किया गया। विगत सत्र की कक्षा आठवीं परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली कुमारी लक्ष्मी भोई तथा द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली कुमारी तेजमती बरिहा को मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने दोनों छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
रिमजी स्कूल के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड स्त्रोत केंद्र समन्वयक देवानंद नायक तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में संकुल समन्वयक दुष्यंत पटेल उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधान पाठक ओमप्रकाश साव ने की। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक कमल नारायण भोई एवं डोलामणि चौहान सहित विद्यालय परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर सरपंच उरकुली चौहान, साधराम पटेल, वेणुधर पटेल, ललित पटेल, रोहित चौहान, बलदेव, देवानंद मिश्रा, प्रदीप बारिक सहित कई जनप्रतिनिधि एवं शाला प्रबंधन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


