महासमुंद(जीतयादव)। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए महासमुंद पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, बाइक और मोबाइल सहित कुल 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की संपत्ति बरामद की है। आरोपी पर अलग-अलग जिलों में चोरी के 13 से अधिक मामले दर्ज हैं।
शातिर चोर से सोने-चांदी के 32 लाख रुपये से ज्यादा के चोरी के आभूषण बरामद।
पुलिस के अनुसार आरोपी घर के बाहर ईंट, गिट्टी और निर्माण कार्य चलता देख ऐसे मकानों को निशाना बनाता था। वह खासतौर पर उन घरों में चोरी करता था, जहां छोटे बच्चे या बुजुर्ग मौजूद रहते थे। आरोपी सूने मकानों में चोरी नहीं करता था। वह कम कीमत में छड़ और सीमेंट देने का लालच देकर घर में प्रवेश करता और मौका मिलते ही अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो जाता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब ओमप्रकाश ठाकुर निवासी बगारपाली थाना तेंदुकोना ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 27 अप्रैल 2026 की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर पहुंचा और छड़ का पैसा मांगने लगा। इसी दौरान उसने अलमारी की चाबी ढूंढकर घर में रखे लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी शातिर चोर पंचराम उर्फ पंचु निषाद निवासी जिला शक्ति को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बगारपाली सहित कोमाखान, सांकरा, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी के जेवरात वह अलग-अलग ज्वेलरी दुकानों में बेच देता था।
![]()
पुलिस ने आरोपी शातिर चोर की निशानदेही पर जी.एस. ज्वेलर्स पिथौरा और कैलाश ज्वेलर्स भंवरपुर से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं। वहीं अन्य ज्वेलरी दुकानों से भी बरामदगी की कार्रवाई जारी है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 163.310 ग्राम सोने के आभूषण, 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण, एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन जब्त किया है।




