बसना(जीतयादव)। हर घर तिरंगा अभियान के तहत पीएम श्री सेजेस बसना में 13 अगस्त को दिनभर देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम हुए। सुबह की सभा में बच्चों को तिरंगे का इतिहास और महत्व बताया गया। इसके बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तिरंगा शपथ ली। स्कूल परिसर में देशभक्ति गीतों से माहौल देशभक्तिमय रहा।
कार्यक्रम प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू के निर्देशन में हुआ। विद्यार्थियों को बताया गया कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
सेजेस बसना में हर घर तिरंगा अभियान के तहत गीत प्रतियोगिता और क्विज हुई, हाथों में तिरंगा लेकर निकले विद्यार्थी।
देशभक्ति गीत प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। बच्चों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और जवानों के शौर्य को गीतों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
तिरंगे के इतिहास पर हुई क्विज
बच्चों को तिरंगे के बारे में अधिक जानकारी देने के लिए क्विज प्रतियोगिता भी कराई गई। इसमें राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, तीन रंगों, अशोक चक्र और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़े सवाल पूछे गए। बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चे
कार्यक्रम के अंत में स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे देशभक्ति गीतों के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान बच्चों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
सेजेस बसना के प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू ने कार्यक्रम में शामिल विद्यार्थियों और शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों में देशभक्ति के साथ जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से तिरंगे का सम्मान करने और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने में योगदान देने की अपील की।
इस दौरान स्कूल में तिरंगा शपथ, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, क्विज और तिरंगा यात्रा सहित कई कार्यक्रम हुए। पूरे आयोजन के दौरान स्कूल परिसर में उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा।


