बसना। पीएम श्री सेजेस बसना में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया। इस दौरान पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।
पीएम श्री सेजेस बसना में साइबर सुरक्षा को लेकर विद्यार्थियों को किया जागरूक, बच्चों ने दी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री एल. एन. भोई एवं श्री आर. के. बेहरा तथा विद्यालय की प्राचार्य सुश्री गिरिजा साहू की उपस्थिति में मां सरस्वती एवं भारत के महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय परिवार ने डॉ. राधाकृष्णन को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन, व्यक्तित्व एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि वे महान शिक्षक, दार्शनिक एवं शिक्षाविद् थे। उनका मानना था कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन को सही दिशा देने के साथ समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उनके जन्मदिवस 5 सितंबर को भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस अवसर पर विद्यार्थियों को शिक्षकों के प्रति सम्मान, अनुशासन एवं कृतज्ञता की भावना रखने के लिए प्रेरित किया गया। शिक्षक दिवस कार्यक्रम में थाना बसना से पुलिस स्टाफ भी उपस्थित रहा। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बढ़ते साइबर अपराध, साइबर अटैक एवं ऑनलाइन ठगी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पुलिस ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड नहीं करने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, पासवर्ड, PIN एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही सोशल मीडिया पर निजी जानकारी एवं फोटो साझा करते समय सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया गया।


