महासमुंद(जीतयादव)। जिले में पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य है तथा इनका वितरण सुचारू रूप से किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का स्टॉक जमा नहीं करने की अपील की है।
जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस का वितरण सुचारू, भ्रामक खबर फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई।
डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी खाद्य अधिकारी श्री तेजपाल सिंह ध्रुव ने बताया कि जिले में आईओसीएल के 35, बीपीसीएल के 29 और एचपीसीएल के 40 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित हैं। वर्तमान में जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। प्रशासन के अनुसार जिले में प्रतिदिन पेट्रोल की खपत 86 केएल है, जबकि 807 केएल स्टॉक उपलब्ध है, जो लगभग 9 दिनों के लिए पर्याप्त माना जा रहा है। वहीं डीजल की दैनिक खपत 143 केएल के मुकाबले 883 केएल स्टॉक मौजूद है, जो करीब 6 दिनों की जरूरत पूरी कर सकता है।
प्रभारी खाद्य अधिकारी ने बताया कि ऑयल कंपनियों द्वारा लगातार ईंधन की सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है और जिले में किसी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है।
वहीं घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर भी प्रशासन ने स्थिति सामान्य बताई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन सभी गैस एजेंसियों से रिपोर्ट ली जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जिले में प्रतिदिन औसतन 1378 गैस सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है। 14 मई की स्थिति में गैस एजेंसियों के पास 1716 सिलेंडरों का ओपनिंग स्टॉक था, जबकि उसी दिन 2454 सिलेंडर सप्लाई प्लांट से प्राप्त हुए। इस तरह जिले में कुल 4170 गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर जिला प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि पेट्रोल, डीजल और गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर भरोसा न करें। जरूरत पड़ने पर ही ईंधन और गैस खरीदें तथा अनावश्यक भीड़ और जमाखोरी से बचें।



