बसना(जीतयादव)। महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में “नवा बिहान” जागरूकता अभियान चलाकर आम जनता को साइबर अपराध, नशा मुक्ति और सामाजिक सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान के तहत पुलिस टीम हाट-बाजार, स्कूल, कॉलेज, बस स्टैंड, बैंक सहित शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सीधे जानकारी दे रही है। कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने भाग लेकर लाभ उठाया।
“नवा बिहान” अभियान साइबर चलाकर अपराध, नशा मुक्ति और सुरक्षा को लेकर 1000 से अधिक लोगों को किया जागरूक।
अभियान के दौरान पुलिस द्वारा साइबर अपराध से बचाव, सोशल मीडिया सुरक्षा, ऑनलाइन फ्रॉड से सतर्क रहने, हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही गौ तस्करी रोकथाम और महिला संबंधी अपराधों को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया।

भंवरपुर, सुनसुनिया, किशनपुर, खल्लारी, खैराकला और तेंदुकोना सहित विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को साइबर स्टॉकिंग, फेक प्रोफाइल, सेक्सटॉर्शन, फर्जी कॉल और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराधों से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने लोगों को सलाह दी कि वे सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से सतर्क रहें।
पुलिस ने यह भी बताया कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन फ्रॉड की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाने में रिपोर्ट करें। इसके अलावा “संवाद” व्हाट्सएप हेल्प डेस्क नंबर 9479229939 का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की गई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार “नवा बिहान” अभियान का उद्देश्य जनता को जागरूक, सतर्क और सुरक्षित बनाना है, ताकि वे बदलते समय में नए प्रकार के अपराधों से खुद को बचा सकें।



