बलौदा में विधायक चातुरी नंद की जन चौपाल -अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सरायपाली । सुदूर अंचल बलौदा गांव में विधायक चातुरी नंद ने जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। विधायक नंद ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जन चौपाल में ग्राम बलौदा निवासी प्रफुल्ल दास ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। इस पर विधायक ने मौके पर ही संबंधित अधिकारी को निर्देशित किया कि पात्र किसान को शीघ्र लाभ दिलाया जाए।
इसी तरह बलौदा के ही खिरोद, प्रवीण, राजमाता दिवान, लक्ष्मी दीवान और प्रीतम ने नवीन राशन कार्ड बनवाने की मांग की। वहीं, लिलीमा बाघ और अन्य ग्रामीणों ने बताया कि मनरेगा योजना के तहत आवास निर्माण में की गई मजदूरी का भुगतान कई महीनों से लंबित है। इस पर विधायक ने तत्काल जिला पंचायत महासमुंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से दूरभाष पर चर्चा की और लंबित मजदूरी का शीघ्र भुगतान करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, शैलो बाई और अन्य ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग रखी। विधायक नंद ने सभी पात्र हितग्राहियों को शीघ्र योजना का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना ही उनका संकल्प है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत समस्याओं का निवारण प्राथमिकता से किया जाए।



