बागबाहरा। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम हरनादादर में छापेमारी कर एक व्यक्ति के कब्जे से 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव के एक मकान में अवैध रूप से महुआ शराब का भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खिलेश्वर बांधे के मकान के पीछे बने कमरे में दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से प्लास्टिक झिल्लियों में भरी बड़ी मात्रा में महुआ शराब बरामद की गई।
बागबाहरा पुलिस की कार्रवाई, अवैध महुआ शराब बनाने के उपकरणों सहित आरोपी गिरफ्तार।
कार्रवाई में पुलिस ने 40 लीटर शराब आठ प्लास्टिक झिल्लियों से तथा 20 लीटर महुआ शराब दो बड़ी प्लास्टिक झिल्लियों से जब्त की। बरामद शराब की कुल मात्रा 60 लीटर तथा अनुमानित कीमत 12 हजार रुपये बताई गई है।
इसके अलावा मौके से शराब निर्माण में उपयोग किए जाने वाले दो गैस सिलेंडर, एक चूल्हा, दो एल्यूमिनियम गंजी और दो स्टील गंजी भी जब्त किए गए। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 15 हजार 500 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी खिलेश्वर बांधे (32 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 07, हरनादादर को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


