बसना(जीतयादव)। बसना थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पिरदा के पास एक व्यक्ति को 10 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 2 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पिरदा के पास बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राहक का इंतजार कर रहा था आरोपी, 2 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त।
पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राम पिरदा के पास एक व्यक्ति सुनसान जगह पर सड़क किनारे अवैध शराब बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए बसना थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस टीम को मौके पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम वृन्दावन दास (45 वर्ष), निवासी बरनाईदादर, थाना सांकरा, जिला महासमुंद बताया। पुलिस ने उसके पास रखे पीले रंग के झोले की जांच की तो उसमें 10 लीटर क्षमता की सफेद प्लास्टिक जरीकेन मिली, जिसमें हाथ भट्ठी से बनी महुआ शराब भरी हुई थी।
पुलिस ने मौके से 10 लीटर महुआ शराब, कीमत लगभग 2,000 रुपये, जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।
पुलिस की लगातार कार्रवाई
बसना पुलिस द्वारा क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।


