सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 25 लीटर महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई है।
एनएच-53 के राफेल चौक पर पकड़े गए आरोपी, अवैध महुआ शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एनएच-53 स्थित राफेल चौक के पास पुलिस को अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक मोटरसाइकिल को रोका। जांच के दौरान वाहन में रखी प्लास्टिक बोरी की तलाशी लेने पर उसमें झिल्ली में बंधे पांच पैकेट मिले, जिनमें कुल 25 लीटर महुआ शराब भरी हुई थी।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान राहुल नंद (26 वर्ष), निवासी ग्राम अर्जुंदा थाना सरायपाली तथा आदित्य तांडी (21 वर्ष), निवासी ग्राम खैरमाल थाना सरायपाली के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी महुआ शराब को बिक्री के उद्देश्य से मोटरसाइकिल के जरिए परिवहन कर रहे थे।
पुलिस ने मौके से 25 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत 5 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GS 6984 को भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 65/2026 दर्ज कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



