बसना(जीतयादव)। एक युवक की संदिग्ध मौत के मामले में महासमुंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की गुत्थी चंद घंटों में सुलझा ली। जांच में सामने आया कि त्रिकोणीय प्रेम संबंध के चलते दो दोस्तों के बीच दुश्मनी इतनी बढ़ गई कि एक ने दूसरे की हत्या कर दी।
भंवरपुर क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार आरोपी वेद प्रकाश पटेल गिरफ्तार, मोबाइल और अन्य साक्ष्य बरामद।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 को चौकी भंवरपुर को सूचना मिली कि मोंगरे भोई (30 वर्ष) निवासी झालउड़ेला का शव गांव के एक बाड़ी में बोर के पास संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल पर मृतक के सिर में गंभीर चोट, गले में कपड़े का टुकड़ा लिपटा हुआ तथा शरीर पर संघर्ष के निशान मिले। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से पहले मृतक की अंतिम बातचीत गांव के वेद प्रकाश पटेल से हुई थी। पूछताछ के दौरान जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो वह फरार मिला, जिससे संदेह और गहरा गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
आखिरकार पुलिस ने फरार आरोपी वेद प्रकाश पटेल (25 वर्ष) को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि त्रिकोणीय प्रेम संबंध के कारण उसने मोंगरे भोई को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और सिर व गर्दन पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने हत्या के सबूत छिपाने की भी कोशिश की।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन, लोअर और चप्पल बरामद किया। साथ ही घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े और उसका मोबाइल भी जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं।
महासमुंद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की तैयारी की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी जांच के चलते हत्या की गुत्थी कुछ ही घंटों में सुलझ गई, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



