महासमुंद(जीतयादव)। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पटेवा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अवैध देसी प्लेन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 18 लीटर देसी प्लेन और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस की कार्रवाई, अवैध शराब और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान विनोद निर्मलकर (40 वर्ष), निवासी ग्राम झारा, एक हरे रंग की प्लास्टिक बोरी में अवैध देसी प्लेन शराब लेकर पतई माता रोड से गुजर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया और जांच की।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 18 लीटर अवैध देसी प्लेन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 HB 2226 को भी जब्त कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 40 हजार रुपये आंकी गई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया कि आरोपी बिक्री के उद्देश्य से परिवहन कर रहा था। मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


