महासमुंद(जीतयादव)। जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित कोडार डैम में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान जयपावर (35 वर्ष) निवासी शंकर नगर के रूप में हुई है।
स्काउट गाइड के जिला उपाध्यक्ष जयपावर का शव मिला, पुलिस आत्महत्या सहित सभी पहलुओं से कर रही जांच।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जयपावर स्काउट गाइड महासमुंद के जिला उपाध्यक्ष थे और साथ ही बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर का कार्य भी करते थे। शुक्रवार सुबह वे सामान्य रूप से अपने घर से निकले थे और करीब 10:30 बजे तुमगांव में अपने एक दोस्त से मिले। इसके बाद वे भोरिंग कार्य के लिए गए और वहां मजदूरों को मजदूरी भी दी।

बताया जा रहा है कि करीब 11 बजे वे अपने एक मित्र के मकान को देखने भी गए थे। दोपहर करीब 1 बजे लोगों ने कोडार डैम के पास पानी में एक युवक का शव तैरते देखा, जिसके बाद तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तुमगांव थाना की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की स्कूटी डैम के पास खड़ी मिली, जिसमें उसका पर्स और मोबाइल रखा हुआ था। वहीं जूते डैम के किनारे पड़े हुए मिले। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए।

थाना प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि युवक ने आत्महत्या की है या घटना के पीछे कोई अन्य कारण है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों व मृतक के करीबियों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा।


