बसना(जीतयादव)। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कंचनपुर में आयोजित दो दिवसीय अखंड रामायण पाठ महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। भगवान श्रीराम के आदर्श, त्याग, मर्यादा और सेवा भाव आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कंचनपुर में धार्मिक आयोजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, समाज में सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करने का दिया संदेश।
कार्यक्रम में बसना विधानसभा क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता एवं जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान दोनों दिनों उपस्थित रहे। उन्होंने भगवान श्रीरामचंद्र जी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाला आदर्श मार्गदर्शक है।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि कंचनपुर गांव की खुशियों और दुख-सुख में वे हमेशा परिवार के सदस्य की तरह साथ खड़े रहेंगे। उनके इस आत्मीय संबोधन का उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में भाईचारा, सद्भाव और संस्कारों को मजबूत करने का कार्य करते हैं। साथ ही ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और राम नाम के जयघोष से गांव का वातावरण भक्तिमय बना रहा। समापन अवसर पर मोक्ष कुमार प्रधान ने आयोजन समिति, मानस मंडलियों और ग्रामवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए क्षेत्र की सुख-शांति और विकास की कामना की।



