बसना। शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी, संकुल केन्द्र बसना के प्रधान पाठक श्री सरविन्द सिदार को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान, नवाचारी गतिविधियों और विद्यालय के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए कलिंगा यूनिवर्सिटी, रायपुर में सम्मानित किया गया।
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और नवाचारी गतिविधियों के लिए मिला सम्मान, बसना में विद्यालय परिवार ने दी बधाई।
यह सम्मान समारोह राज्य शैक्षणिक मासिक पत्रिका ‘शिक्षा सारांश’ के संयुक्त तत्वावधान एवं कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शिक्षा आयोग, छत्तीसगढ़ शासन के अध्यक्ष सुधीर गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कलिंगा यूनिवर्सिटी रायपुर के कुलसचिव डॉ. संदीप गांधी ने की। वहीं शिक्षाविद एवं राज्य शिक्षक सम्मान से पुरस्कृत डॉ. अनिल कुमार कार्यक्रम संयोजक के रूप में मौजूद रहे।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों एवं शिक्षा से जुड़े व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में प्रधान पाठक सरविन्द सिदार को विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मक गतिविधियों और नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने पर सरविन्द सिदार ने कहा कि शिक्षक के लिए सबसे बड़ा सम्मान बच्चों के चेहरे पर सीखने की खुशी और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ना है। उन्होंने यह सम्मान विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक साथियों, अभिभावकों और सहयोगी लोगों को समर्पित किया।
सरविन्द सिदार के सम्मानित होने पर शासकीय प्राथमिक शाला गढ़पटनी के शिक्षक लगन नाग एवं शिक्षिका खीरवंती भोई सहित विद्यालय परिवार ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने कहा कि यह उपलब्धि गढ़पटनी स्कूल और संकुल केन्द्र बसना के लिए गौरव का विषय है।


