बसना (जीत यादव) — खेलों के क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बना चुके ग्राम परसकोल में इस वर्ष आयोजित अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ सम्पन्न हुआ। MSCT परसकोल के तत्वावधान में 16 नवंबर को आयोजित यह प्रतियोगिता मध्य भारत की सबसे बड़ी कबड्डी प्रतिस्पर्धाओं में से एक मानी गई, जिसमें देशभर के शीर्ष खिलाड़ी और टीमों ने हिस्सा लिया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विशिष्ट व्यक्ति उपस्थित रहे।
अंतर्राज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों और जिलों से कुल 16 टीमों ने भाग लिया, जिनमें जबलपुर, भोपाल, करपिहा बिलासपुर, चिंगराजपारा बिलासपुर, झारखंड, उज्जैन, पीपली (उड़ीसा), दुर्ग, तमनार, कोरबा, महासमुंद, लोहारपाली, फुलझर अंचल एवं MSCT परसकोल की टीम शामिल थीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने कौशल, फिटनेस, रणनीति और दमखम का बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिसके चलते दर्शकों में रोमांच चरम पर रहा। बड़ी संख्या में दर्शक विभिन्न जिलों और पड़ोसी राज्यों से पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते दिखे।

पुरस्कार वितरण समारोह में जबलपुर टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम को ₹40,000 का नगद पुरस्कार और ट्रॉफी प्रदान की गई। द्वितीय स्थान RCC भोपाल ने प्राप्त किया, जिन्हें ₹25,000 एवं ट्रॉफी, जबकि तीसरा स्थान चिंगराजपारा बिलासपुर और चौथा स्थान करपिहा बिलासपुर ने हासिल किया। तीसरे और चौथे स्थान पर क्रमशः ₹15,000 एवं ₹10,000 का पुरस्कार प्रदान किया गया।
MSCT परसकोल द्वारा स्थानीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष पुरस्कार और सम्मान भी दिए गए। आयोजन समिति ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को निखारने, उन्हें मंच प्रदान करने और खेल संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।




