बसना। सावन माह के दूसरे सोमवार 10 अगस्त 2026 को जोंकेश्वर महादेव, जोंक नदी सांकरा से श्री रणेश्वर बाबा महादेव मंदिर, गढ़फुलझर तक भव्य कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा में बसना, पिथौरा, सांकरा सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। श्रद्धालु भगवान शिव के जयघोष के साथ पवित्र जल लेकर जलाभिषेक के लिए रवाना होंगे।
जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील, सांकरा यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं।
इस संबंध में जिला पंचायत सदस्य एवं बसना विधानसभा के कांग्रेस नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने बताया कि इस वर्ष यह कांवड़ यात्रा समाज की ओर से पहली बार आयोजित की जा रही है। उन्होंने कहा कि आयोजन को भव्य, व्यवस्थित और श्रद्धामय बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालु जोंक नदी से पवित्र जल भरकर रणेश्वर बाबा महादेव मंदिर में भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा सांकरा, भगतदेवरी, सलडीह और बरेली होते हुए गढ़फुलझर पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर चाय, नाश्ता, शीतल पेयजल, भोजन, प्राथमिक उपचार और विश्राम की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर माना जाता है। उनके अनुसार कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सेवा, भाईचारे और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का भी माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस आयोजन में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल होकर धार्मिक और सामाजिक एकजुटता का संदेश देंगे।
उन्होंने बाबा विशासनाथ कुल कोलता समाज आंचलिक सभा, पिथौरा के पदाधिकारियों और सदस्यों की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से यह आयोजन सफल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र के सभी शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में कांवड़ यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।


