महासमुंद(जीतयादव)।भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस के सक्रिय नेता मोक्ष कुमार प्रधान ने देशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आधुनिक भारत के निर्माण तक देश की आत्मा रही है।
कांग्रेस स्थापना दिवस पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान का संदेश
मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि आज़ादी के बाद देश को मजबूत, आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाने का जो सपना देखा गया था, उसे साकार करने में कांग्रेस की ऐतिहासिक भूमिका रही है। इसरो जैसी विश्वस्तरीय वैज्ञानिक संस्था, एम्स जैसे उच्च स्तरीय चिकित्सा संस्थान, आईआईटी-आईआईएम, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, अस्पताल तथा राष्ट्रीय एवं ग्रामीण सड़कों का व्यापक नेटवर्क कांग्रेस की दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है।

उन्होंने आगे कहा कि कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी और संचार क्रांति की नींव भी कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में रखी गई, जिसके कारण आज भारत डिजिटल युग में विश्व के अग्रणी देशों में शामिल है। कांग्रेस की नीतियों से किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और आम नागरिकों को आगे बढ़ने का अवसर मिला।

मोक्ष कुमार प्रधान ने कहा कि कांग्रेस ने सदैव संविधान, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की रक्षा की है। गरीबों, वंचितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों के लिए पार्टी ने निरंतर संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं के बीच कांग्रेस ही वह पार्टी है, जो जनता की आवाज़ बनकर सड़कों से लेकर संसद तक संघर्ष कर रही है।

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की विचारधारा, त्याग और बलिदान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि कांग्रेस आने वाले समय में भी देशहित, जनहित और संविधान की रक्षा के लिए पूरी ताकत से संघर्ष करती रहेगी।




