बसना(जीतयादव)। शासकीय प्राथमिक शाला बिलखंड में स्वतंत्रता दिवस उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
बिलखंड स्कूल में उपसरपंच उषा फगुलाल बरिहा ने किया ध्वजारोहण, विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि उपसरपंच श्रीमती उषा फगुलाल बरिहा ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश की स्वतंत्रता और वीर शहीदों को नमन किया।कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए देशप्रेम का संदेश दिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
मुख्य अतिथि श्रीमती उषा फगुलाल बरिहा ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। हमें उनके आदर्शों को जीवन में अपनाते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से पढ़ाई करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान बिलखंड स्कूल के एसएमसी अध्यक्ष अभ्यास भोई, उपाध्यक्ष कुंजराम यादव, विजय कुमार भोई, ललित बरिहा, राजकुमार निषाद, प्रधान पाठक विजय कुमार धृतलहरे तथा सहायक शिक्षक शंभूसिंह परेश्वर सहित विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
बिलखंड स्कूल में कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया। स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के साथ समारोह का समापन हुआ। पूरे कार्यक्रम में विद्यालय परिसर देशभक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।


