बसना(जीतयादव)। प्राथमिक शाला बुधूडोगर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, विद्यालय परिवार और स्थानीय जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
बुधूडोगर के सरपंच मीराबाई पटेल और बेबी जगत ने संयुक्त रूप से किया ध्वजारोहण, बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच मीराबाई पटेल एवं सक्रिय महिला बेबी जगत ने संयुक्त रूप से तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान गाकर देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चों और ग्रामीणों ने देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष और बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए देश के प्रति अपने कर्तव्यों को समझना और राष्ट्रहित में योगदान देना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में उपसरपंच नंद कुमारी जगत, प्रधान पाठक श्रीमती केसर खटकर, दिनेश साहू, सरपंच प्रतिनिधि भागीरथी पटेल सहित ईश्वर जगत, प्रेमलाल जगत, नंदलाल जगत, कुबेर सोना, गोकुल सोना और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बसंती सोना ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
ध्वजारोहण के बाद बुधूडोगर में उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान बुधूडोगर विद्यालय परिसर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए बच्चों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


