बसना(जीतयादव)। जिले में अवैध गतिविधियों और संदिग्ध कबाड़ कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित ग्राम सिरको के एक कबाड़/स्क्रैप यार्ड पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध लोहा स्क्रैप बरामद किया गया, जिसका अनुमानित वजन करीब 10 टन बताया जा रहा है।
दस्तावेज नहीं दिखाने पर अवैध कबाड़ यार्ड को सीलबंद किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम सिरको में बिना वैध अनुमति के बड़े स्तर पर कबाड़ यार्ड संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद थाना बसना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यार्ड संचालक तनवीर दानी की मौजूदगी में तलाशी कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पुराने मशीन, पंप, साइकिल, मोटरसाइकिल पार्ट्स, लोहे के एंगल, पाइप, पुराने टीन, कूलर, पंखे समेत अन्य बड़ी मात्रा में स्क्रैप सामग्री बरामद हुई।
पुलिस ने यार्ड संचालक से स्क्रैप सामग्री से संबंधित वैध दस्तावेज, बिल और व्यापार लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर कोई भी संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। दस्तावेजों के अभाव में बरामद सामग्री को संदिग्ध मानते हुए पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई कर पूरे स्क्रैप यार्ड को सीलबंद कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में अवैध कारोबार और चोरी के सामान की खरीदी-बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मामले में आगे जांच जारी है और बरामद स्क्रैप की वैधता की जांच की जा रही है।



