बसना(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांकरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 49 लीटर ओडिशा निर्मित महुआ शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
परसवानी-बड़े लोरम मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी, 245 पाउच अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम परसवानी से बड़े लोरम जाने वाले रास्ते पर दो व्यक्ति मोटरसाइकिल में अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना सांकरा पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर संदिग्धों को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना नाम जय कुमार प्रधान (48 वर्ष) और महेश निषाद (62 वर्ष) निवासी ग्राम परसवानी थाना सांकरा जिला महासमुंद बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 245 पाउच ओडिशा निर्मित महुआ शराब बरामद की गई। प्रत्येक पाउच में 200 एमएल शराब थी, जिसकी कुल मात्रा 49 लीटर बताई गई है। जब्त शराब की कीमत करीब 7,350 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने शराब परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की सीटी 100 मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे कारोबारियों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।



