सरायपाली(जीतयादव)। जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में सरायपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 20 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है।
मेढ़हापाली में छापेमारी कर अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
जिला पुलिस महासमुंद द्वारा अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में एंटी नारकोटिक टॉस्क फोर्स तथा जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों की पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
इसी क्रम में थाना सरायपाली पुलिस ने ग्राम मेढ़हापाली पुल के पास छापेमार कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए अपने पास रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शिवकुमार बारीक (52 वर्ष) निवासी ग्राम मेढ़हापाली के कब्जे से बिक्री के लिए रखी गई 20 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 4 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। जब्त शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी ऐसी गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई है, ताकि अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।



