रायपुर(जीतयादव)। राजधानी रायपुर में अवैध डीजल-पेट्रोल के काले कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना कबीर नगर पुलिस ने कान्हा ढाबा के पीछे और ई.पी. रोलिंग मिल के पास दबिश देकर भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल, नकदी, टैंकर और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 35.45 लाख रुपये आंकी गई है।
कबीर नगर क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध डीजल-पेट्रोल 14,100 लीटर ईंधन बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार; नेटवर्क की जांच जारी।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के ज्वलनशील पदार्थों का अवैध भंडारण कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 8 ड्रमों में भरा 1,600 लीटर पेट्रोल, 3 ड्रमों में 500 लीटर डीजल और एक टैंकर (CG 07 BA 8727) में भरा 12,000 लीटर डीजल बरामद किया। इसके अलावा 1.30 लाख रुपये नकद, एक मोटर पंप, दो कीप और एक कटिंग ड्रम भी जब्त किया गया।
पुलिस द्वारा कुल 14,100 लीटर ईंधन बरामद किया गया है। जब्त टैंकर, ईंधन और उपकरणों की कुल कीमत 35,45,770 रुपये बताई गई है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी पहले भी अवैध तेल कारोबार से जुड़े मामलों में पकड़े जा चुके हैं और उनके खिलाफ पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओमप्रकाश साव उर्फ कालिया, उमेश साव, रामजी यादव और धर्मेंद्र साव के रूप में की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 एवं 7 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 और 111 के तहत मामला दर्ज किया गया है।



