रायपुर। छत्तीसगढ़ में हीरा जैसे बहुमूल्य पत्थरों की चोरी के मामले में धमतरी पुलिस ने 64 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल, निवासी केके वार्ड, भाटापारा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 146 नग सफेद, चमकदार और पारदर्शी पत्थर बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
गरियाबंद के पायलीखंड खदान क्षेत्र से वर्ष 2018 में हीरा चोरी करने का आरोप, धमतरी पुलिस ने 64 वर्षीय विनोद अग्रवाल को किया गिरफ्तार; 146 नग चमकदार पत्थर, मोबाइल और नकदी जब्त।
पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को गश्त के दौरान सूचना मिली कि नेशनल हाईवे-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास एक व्यक्ति बहुमूल्य पत्थर लेकर खड़ा है और उन्हें बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही बिरेझर पुलिस और साइबर थाना की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास पॉलीथीन में रखे 146 सफेद हीरा, चमकदार और पारदर्शी मिले। ये हीरा नीले और फिरोजी रंग की झिल्ली में लिपटे हुए थे। पुलिस ने इन्हें हीरा बताया है। जब्त पत्थरों का कुल वजन 16.17 ग्राम और शुद्ध वजन 13.49 ग्राम दर्ज किया गया है।
वर्ष 2018 में पायलीखंड से चोरी करने का आरोप।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने कथन में बताया कि उसने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से इन पत्थरों को चोरी किया था। इसके बाद से उसने इन्हें अपने पास रखा हुआ था। अब वह पत्थरों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कथन और बरामदगी के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मोबाइल और नकदी भी जब्त।
पुलिस ने पत्थरों के अलावा आरोपी के पास से Samsung Galaxy S21 FE 5G मोबाइल फोन, दो सक्रिय सिम कार्ड और 2,200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 8 हजार रुपये है।
इस कार्रवाई के बाद सोशल मीडिया पर बरामद पत्थरों की कीमत और मोबाइल के मूल्यांकन को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, पत्थरों की वास्तविक पहचान और बाजार मूल्य की स्वतंत्र पुष्टि के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।


