बसना(जीतयादव)। नगर पंचायत बसना में शासकीय गली और नाली पर कथित अवैध कब्जे का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में विवाद गहराता जा रहा है। पदमपुर रोड स्थित शिवाय पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन को लेकर स्थानीय निवासी फिरोज खान ने नगर पंचायत प्रशासन से शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अलग खसरा नंबर के दस्तावेज देकर शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कराने का लगाया आरोप, जांच की मांग।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि भवन निर्माण के लिए अलग स्थान के खसरा नंबर के दस्तावेज प्रस्तुत कर अनुमति ली गई, जबकि अवैध निर्माण शासकीय भूमि पर किया जा रहा है। मामले को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
फिरोज खान ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए आवेदन में बताया कि संबंधित गली महेंद्र साव के घर से होकर पुरानी बस्ती को जोड़ती है। इसी रास्ते से बस्ती के लोगों का आवागमन होता है और गली के बीच से शासकीय नाली भी गुजरती है, जिससे पूरे क्षेत्र का गंदा पानी निकासी होता है।
शिकायत के अनुसार, नगर पंचायत में भवन निर्माण अनुज्ञा लेते समय खसरा नंबर 326/6/38 के दस्तावेज, बी-वन और नक्शा प्रस्तुत किया गया, जबकि वास्तविक निर्माण खसरा नंबर 326/1क में किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि यह भूमि राजस्व रिकॉर्ड में शासकीय भूमि के रूप में दर्ज है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य जारी रहा तो गली और नाली पूरी तरह बाधित हो सकती है, जिससे बस्ती की आवाजाही और सफाई व्यवस्था प्रभावित होगी।
फिरोज खान ने प्रशासन से मांग की है कि राजस्व विभाग और नगर पंचायत की संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच करे। साथ ही दस्तावेजों और वास्तविक खसरा नंबर का मिलान कर अवैध निर्माण पर तत्काल रोक लगाने तथा शासकीय गली को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की जाए।
मामले को लेकर नगर पंचायत बसना प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन शिकायत के बाद स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।



