बसना(जीतयादव)। विकासखंड के ग्राम रसोड़ा में सड़क के बीच आइसक्रीम वाहन खड़ा कर व्यापार किए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिव शक्ति आइसक्रीम से जुड़े लोग मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा कर व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रसोड़ा के ग्रामीणों ने यातायात बाधित होने का लगाया आरोप, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर वाहन खड़ा होने से अक्सर जाम जैसी स्थिति बन जाती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को आने-जाने में दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समझाइश देने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ। गांव के लोगों ने बताया कि स्कूल समय और बाजार के दौरान यहां भीड़ अधिक रहती है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति बाहरी राज्य राजस्थान का रहने वाला है और स्थानीय लोगों से विवादपूर्ण व्यवहार कर छत्तीसगढ़ के लोगों को परेशान कर रहा है। कुछ लोगों का कहना है कि समझाने पर भी वाहन हटाने के बजाय उल्टा जवाब दिया जाता है, जिससे गांव में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
रसोड़ा के ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह व्यवसाय करने से दुर्घटना की आशंका बढ़ रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने तथा सड़क पर बाधा बन रहे वाहनों को हटाने की मांग की है। साथ ही नियमित निगरानी की भी मांग उठाई गई है ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
फिलहाल मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से जल्द समाधान की उम्मीद कर रहे हैं।



