पिथौरा। विकासखण्ड के शासकीय प्राथमिक शाला मोहगांव में शिक्षा का स्तर लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। विद्यालय की कक्षा पांचवीं में दर्ज 61 विद्यार्थियों ने आगामी जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन किया है।पिछले दो वर्षों में विद्यालय से 33 विद्यार्थी नवोदय विद्यालय, 2 विद्यार्थी सैनिक स्कूल तथा 3 विद्यार्थी एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में चयनित हो चुके हैं। इस प्रकार कुल 38 बच्चों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
मोहगांव में नवाचार, शिक्षक समर्पण और विद्यार्थियों की उपलब्धियों से विद्यालय बन रहा क्षेत्र में प्रेरणा का केंद्र।
प्रधान पाठक भोजराज प्रधान के मार्गदर्शन में विद्यालय की वर्तमान दर्ज संख्या 156 है। यहां लगभग 70 गांवों के बच्चे आकर अध्ययन करते हैं। दूर-दराज़ से आने वाले बच्चों के लिए पालकों द्वारा एक बस और चार स्कूल वैन की व्यवस्था की गई है।

करीब 30 किलोमीटर तक की दूरी तय कर बच्चे यहां पढ़ाई के लिए आते हैं। विशेष बात यह है कि विद्यालय की पढ़ाई-लिखाई के साथ-साथ हर गतिविधि में पालकों की सक्रिय भागीदारी रहती है। मोहगांव प्राथमिक शाला की लोकप्रियता का आलम यह है कि आसपास के अधिकांश पालक अपने बच्चों का दाखिला इसी विद्यालय में कराना चाहते हैं। यही वजह है कि यह विद्यालय पूरे महासमुंद जिले में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है।




