बसना(जीतयादव)। ओडिशा से मुंबई गांजा तस्करी की बड़ी खेप ले जाने की कोशिश को महासमुंद पुलिस ने नाकाम कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.100 किलोग्राम गांजा, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3 लाख 45 हजार रुपये बताई गई है।
बसना पुलिस की कार्रवाई में महाराष्ट्र का तस्कर गिरफ्तार, 5.100 किलो गांजा और बाइक जब्त।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पुलिस के अनुसार ओडिशा सीमा से लगे अंतरराज्यीय चेक पोस्टों के साथ-साथ अंदरूनी मार्गों पर भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस को 26 मई 2026 को ग्राम पलसापाली स्थित पदमपुर रोड बैरियर पर वाहनों की जांच के दौरान सफलता मिली। चेकिंग के दौरान पुलिस ने बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MH 58 D 7024 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन चालक के पास मौजूद काले रंग के बैग से 5.100 किलो गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा लोयेसिंगा, जिला बलांगीर (ओडिशा) से लेकर मुंबई (महाराष्ट्र) जा रहा था। पुलिस ने आरोपी परवेज अब्दुल पिता कय्यूम खान (34 वर्ष) निवासी ठाणे, महाराष्ट्र को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में थाना बसना में अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख 50 हजार रुपये कीमत का गांजा, 80 हजार रुपये की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल और 15 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल जब्त किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले चार महीनों में जिले में 95 प्रकरणों में 6431.571 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 32 करोड़ 73 लाख रुपये से अधिक है। वहीं जनवरी 2026 से अब तक मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में 240 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।



